सुल्तानपुरः 8 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) का तहसील घेराव, खिचड़ी भोज के साथ जताया विरोध
February 27, 2026
जयसिंहपुर/सुल्तानपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले शुक्रवार को किसानों ने जयसिंहपुर तहसील परिसर का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार मयंक मिश्रा को सौंपा गया। वहीं मोतिगरपुर थाने में दर्ज एक कथित फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण चतुर्वेदी को भी ज्ञापन दिया गया , किसानों ने सुबह करीब 10 बजे से ही तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया।प्रदर्शन के दौरान परिसर में ही खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई प्रदेश उपाध्यक्ष रूपेश शुक्ला ने कहा कि किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जिला अध्यक्ष राम विशाल मौर्य ने कहा कि राजस्व, बिजली, सिंचाई, फसल बीमा और मुआवजा संबंधी कई मामले लंबित हैं। अधिकारियों द्वारा संज्ञान न लेने से किसानों को अनावश्यक रूप से तहसील और थाने के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं तहसील अध्यक्ष लालजी शुक्ला ने सरकारी संपत्तियों जैसे तालाब, चकरोड और सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चकरोड बाधित होने से किसानों को खेती-किसानी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है मंडल अध्यक्ष अनुपम वर्मा ने कहा कि किसानों के उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उपाध्यक्ष राम केवल तिवारी, डॉ. राम जनम वर्मा, ओमप्रकाश तिवारी, चैधरी देव शरण, सियाराम प्रजापति समेत सैकड़ों किसान धरने में मौजूद रहे प्रदर्शन के बाद ज्ञापन लेते हुए तहसीलदार मयंक मिश्रा ने की ज्ञापन लेकर मांगों के परीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आगे व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
