लखनऊ। जोन-8 अंतर्गत ग्राम हरिहरपुर तथा अंसल खेवली गांव का निरीक्षण शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद कुमार राव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने हरिहरपुर एवं खेवली गांव में नगर निगम की खाली पड़ी भूमि का स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की वर्तमान स्थिति, स्वामित्व अभिलेख, सीमांकन और उपयोग की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम की सभी खाली पड़ी भूमि का तत्काल प्रभाव से सीमांकन कराते हुए तारबाड़ एवं बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके साथ ही यह भी निर्देश दिए कि इन खाली पड़ी भूमियों का योजनाबद्ध तरीके से सदुपयोग किया जाए, जिससे नगर निगम की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने सुझाव दिया कि आवश्यकता के अनुसार इन स्थलों पर सामुदायिक सुविधाएं, पार्किंग, व्यावसायिक उपयोग अथवा अन्य राजस्व सृजन से संबंधित परियोजनाएं विकसित की जा सकती हैं। इस संबंध में एक समग्र कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को भूमि का विस्तृत सर्वेक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
