अमेठीः आबकारी विभाग ने की छापेमारी, 78 लीटर कच्ची शराब बरामद
February 27, 2026
अमेठी। जिला मजिस्ट्रेट के कड़े निर्देशों के अनुपालन में जनपद के आबकारी विभाग ने होली के पावन पर्व के परिप्रेक्ष्य में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को समूल नष्ट करने हेतु एक व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया है। इस सघन धरपकड़ के दौरान विभाग ने न केवल भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की, बल्कि अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग द्वारा गठित विशेष आबकारी टीम ने जनपद के अंतर्गत आने वाले ग्राम भ्वसिंहपुर, जलालपुर माफी, खेखरुआ, भूलिनगर, कचनाव और थौरी में आकस्मिक दबिश दी। संयुक्त कार्रवाई के अंतर्गत, थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक तथा थाना जगदीशपुर के क्षेत्राधिकार में आने वाले ग्राम थौरी, भूलिनगर और कचनाव से 78 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 250 किलोग्राम मादक पदार्थ श्लहनश् (कच्ची शराब बनाने का कच्चा मिश्रण) को आबकारी टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 04 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। विभाग द्वारा ग्रामवासियों को अवैध शराब के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले घातक प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया गया। आबकारी विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना विभाग के टोल-फ्री नंबर या संबंधित निरीक्षक के मोबाइल नंबर पर दें। इस संयुक्त प्रवर्तन अभियान में क्षेत्र-3 के आबकारी निरीक्षक चंद्रभान वर्मा, भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के दो उप-निरीक्षक मय पुलिस बल, तथा आबकारी स्टाफ के प्रधान सिपाही तीर्थनाथ, शमशेर कुमार, संजय सरोज और सर्वेश वर्मा शामिल रहे।
