अमेठीः चोरी का खुलासा! नलकूप इंजन सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
February 18, 2026
अमेठी। जनपद अमेठी की थाना अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के दो नलकूप इंजन बरामद करते हुए घटना में प्रयुक्त मैजिक पिकअप वाहन सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में 18 फरवरी को संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मैजिक पिकअप वाहन संख्या यूपी 36 टी 6394 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो नलकूप इंजन बरामद हुए, जबकि वाहन सवार लोग कागजात दिखाने में असफल रहे। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को ग्राम दरखा के पूरे बरियार में खेत के कमरे का ताला तोड़कर एक नलकूप इंजन तथा पास के खेत से दूसरा इंजन चोरी किया था। चोरी के बाद इंजनों को मैजिक वाहन में छिपाकर रखा गया था और अब बेचने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
