अमेठीः संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
February 18, 2026
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के बारहमासी गांव में 32 वर्षीय विवाहिता चेतना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार चेतना घर पर वॉशिंग मशीन से कपड़ा धो रही थी, तभी अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में परिजन उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चेतना की जानबूझकर हत्या की गई है। उनका आरोप है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था, जिसके चलते घटना संदिग्ध है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
