लखनऊ। शहर में खुले में छोड़े गए पशुओं की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप में सामने आई है। मंगलवार को चैपटिया क्षेत्र में एक गाय द्वारा बच्ची पर अचानक हमला किए जाने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद नगर निगम लखनऊ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम ने पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपी पशुपालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
यह घटना चैपटिया क्षेत्र में कूड़ा घर के पास, थाना सहादतगंज क्षेत्र अंतर्गत हुई, जहां एक खुले में छोड़ी गई गाय ने सड़क पर मौजूद एक बच्ची पर हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कुल 5 गाय और 1 बछिया को पकड़कर ऐशबाग स्थित कांजी हाउस में सुरक्षित रूप से संरक्षित कराया। इस कार्रवाई में नगर निगम के प्रवर्तन दल के साथ जोन-6 के प्रभारी पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार, प्रभारी रामकुमार तथा कैटल कैचिंग दस्ते की टीम मौजूद रही।
मौके पर की गई जांच और पड़ताल में हमलावर गायों के स्वामियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि उक्त गायें मोहम्मद मुन्ना, मोहम्मद राजू और मोहम्मद छोटे भैया की थीं, जिन्होंने अपने मवेशियों को खुले में छोड़ रखा था। नगर निगम ने थाना सहादतगंज के थानाध्यक्ष को तहरीर सौंपकर संबंधित पशुपालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
.jpg)