पीलीभीत। गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देशन में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, मॉडल कैरियर सेंटर एवं गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय पूरनपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह रोजगार मेला शासन द्वारा संचालित मिशन रोजगार अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ।रोजगार मेले का शुभारंभ विधायक पूरनपुर बाबू राम पासवान, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक शुक्ला, काउंसलर प्रदीप शुक्ला, प्रधान सहायक जितेंद्र कुमार शर्मा, तोता राम फोरमैन, अनुज सिंह फोरमैन सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
स्वागत भाषण में प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि यह गन्ना कृषक महाविद्यालय परिसर में आयोजित पांचवां रोजगार मेला है। उन्होंने विधायक बाबू राम पासवान एवं सांसद जितिन प्रसाद के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा महाविद्यालय है, जो डिजिटल कॉन्सेप्ट पर आधारित है। हाल ही में छप्स्म्ज् के साथ एमओयू किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से कृषि संकाय भवन निर्माण हेतु दो करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है।उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में कुल 927 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 236 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।मुख्य अतिथि विधायक बाबू राम पासवान ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उनके प्रयासों से महाविद्यालय में 100 कंप्यूटर लगाए जाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को ज्ञान अर्जन के लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्ञान को कौशल में बदलना आवश्यक है, जिससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
रोजगार मेले में श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स, टाटा मोटर्स, आई फोन, अशोक लीलैंड, शिवशक्ति एग्रीटेक, एलआईसी ऑफ इंडिया, बजाज इंश्योरेंस, पुखराज हेल्थ केयर, टीवीएस सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों पर भर्ती की। चयनित अभ्यर्थियों को विधायक द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
