लखनऊः बीकेटी महीपतपुर में स्कूल वैन पलटी,नाबालिग चालक के हवाले थे मासूम, आधा दर्जन बच्चे हुए घायल
February 23, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन बख्शी का तालाब क्षेत्र में एक बड़ा हादसा स्कूल प्रशासन की लापरवाहीं से हो गया। बीकेटी के महीपतपुर स्थित आदर्श सरस्वती शिक्षा मंदिर की बच्चों से भरी स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में करीब आधा दर्जन छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। वही ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल वैन यूपी32 एचसी1626 को नाबालिग चालक चला रहा था। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि वैन में क्षेत्र के कई गांवों के दर्जन भर से अधिक छोटे-छोटे बच्चे सवार थे,बीकामऊ कला गांव के बाहर अचानक वैन दाहिनी ओर बनी पुलिया से जा टकराईं, टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि पूरी वैन सड़क पर पलट गई और बच्चों में चीख-पुकार मचने लगी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वही ग्रामीणों ने दौड़कर बच्चों को बाहर निकाला और बीकेटी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
