अमेठीः किसानो को राहत! 17 मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीद, 32 क्रय केंद्र होगे संचालित
February 14, 2026
अमेठी। जिले में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 17 मार्च से जिले के 32 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू की जाएगी। किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। गेहूं खरीद के लिए खाद्य विभाग और नैफेड की ओर से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कुल 32 केंद्रों में से 27 केंद्र खाद्य विभाग और 5 केंद्र नैफेड द्वारा संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर किसान अपनी उपज बेच सकेंगे, जिससे उन्हें बाजार में औने-पौने दाम पर फसल बेचने से राहत मिलेगी।किसानों को सरकारी केंद्रों पर ही गेहूं बेचने के लिए जागरूक करने हेतु सार्वजनिक स्थानों पर बैनर लगाए जा रहे हैं। साथ ही केंद्र प्रभारियों को भी किसानों से संपर्क कर उन्हें पंजीकरण और बिक्री की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में लगभग 3.65 लाख किसान पंजीकृत हैं और करीब 1.20 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की खेती की गई है। अब तक बड़ी संख्या में किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए पंजीकरण भी कराया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि 17 मार्च से समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे समय से अपना पंजीकरण कराएं, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप उन्हें एमएसपी का लाभ मिल सके।
