Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुल्तानपुर: अवैध निर्माण पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर, अवैध कब्जेदारों में मचा हड़कंप


सुल्तानपुर। जिले में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष के स्पष्ट निर्देश पर आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत का संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी सदर विपिन द्विवेदी के आदेश पर तहसील प्रशासन ने कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के पांचोपीरन कस्बे में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण ध्वस्त करा दिया।

कार्रवाई के दौरान पांचोपीरन मजार से सटी सरकारी भूमि पर अवैध रूप से किए गए निर्माण को पुलिस बल की मौजूदगी में जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन के बुलडोजर की गड़गड़ाहट से इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लगभग 30 बिस्वा कीमती सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराई गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

इस अभियान में क्षेत्रीय लेखपाल सुनील सिंह ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि की पैमाइश कर अवैध कब्जे की पुष्टि की, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई अमल में लाई गई। प्रशासन की तत्परता से अवैध कब्जेदारों में खलबली देखी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोमती नगर पूर्व एवं गोमती बिहार क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर तहसील प्रशासन ने बिना किसी दबाव में आए सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण गिरवा दिया।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को अब किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। यह तो केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में जिले भर में चिन्हित अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया जाएगा।

प्रशासन की इस निर्णायक कार्रवाई से जहां अवैध कब्जेदारों में डर का माहौल है, वहीं आम नागरिकों ने इसे कानून व्यवस्था और सार्वजनिक हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |