बीसलपुर। नवीन मंडी स्थल में किसानों के धान की तौल न होने और बिचैलियों को लाभ पहुंचाए जाने के विरोध में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति के मुख्य गेट पर धरना दिया। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक किसानों के धान की विधिवत तौल नहीं कराई जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के आंदोलन प्रभारी एवं अपना दल (कमेरावादी) के जिला अध्यक्ष प्रेम सागर पटेल के नेतृत्व में दिया गया। संगठन के कार्यकर्ता मंडी समिति पहुंचकर गेट पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन किसी जिला स्तरीय अधिकारी को सौंपने का निर्णय लिया गया। संगठन ने एसडीएम को ज्ञापन देने से इंकार करते हुए कहा कि जब तक जिले का कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेगा, तब तक ज्ञापन नहीं सौंपा जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए प्रेम सागर पटेल ने कहा कि मंडी समिति में 33 धान क्रय केंद्र संचालित हैं, जबकि वर्तमान में लगभग 40 किसान अपना धान लेकर मंडी समिति में एक माह से डेरा डाले हुए हैं। यदि प्रतिदिन किसानों के धान की तौल की जाए तो एक भी किसान मंडी में रुकने को मजबूर नहीं होगा, लेकिन जानबूझकर किसानों की उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी समिति में किसानों के धान की जगह बिचैलियों के धान की खरीद की जा रही है। किसानों को 2120 रुपये प्रति क्विंटल का लालच देकर उनके धान को राइस मिलों पर भेजा जा रहा है, जहां किसानों का धान मात्र 1700 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदा जा रहा है। कागजी औपचारिकता पूरी करने के लिए किसानों से अंगूठे लगवाए जा रहे हैं।
पटेल ने मंडी सचिव नाजिर रशीद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके द्वारा मोहर लगाकर किसानों को मंडी से सीधे राइस मिलों की ओर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान लगातार शोषण का शिकार हो रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि एसडीएम नागेंद्र पांडे समय-समय पर धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करते हैं, लेकिन उनके लौटते ही स्थिति फिर वही हो जाती है। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि या तो माफिया प्रशासन पर भारी हैं, या फिर किसानों के धान की तौल कराने में जानबूझकर लापरवाही बरती जा रही है।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों और संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक जिला स्तर का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों के धान की तौल सुनिश्चित नहीं कराता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।धरना देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष रामचंद्र, जगदीश पटेल, अली, तेज बहादुर, रामावतार, राजेश कुमार, किशन लाल, ज्ञान प्रकाश, रामपाल, रामबेटी, सोमवती सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे
