आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आगरा में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया विज्ञान मॉडल मॉडल प्रतियोगिता में अछनेरा विकास क्षेत्र की रैपुरा अहीर की छात्रा खुशी के मॉडल पंचर डिटेक्टर ने प्रथम, विकास क्षेत्र खैरागढ़ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुकंडई के छात्र पीयूष के मॉडल डबल वॉल इंसुलेटर ने द्वितीय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय करवल जगनेर की छात्रा भारती के मॉडल शॉर्ट सर्किट सेफ्टी अलार्म ने तृतीय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पथोंली प्रथम के छात्र अजय के मॉडल एंटी सुसाइड फैन ने चतुर्थ तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय मानिकपुरा पिनाहट के छात्र हर्ष के मॉडल वॉइस कंट्रोल कार ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं टैबलेट देकर सम्मानित किया गया । मॉडल प्रतियोगिता में 6 से 10 तक स्थान प्राप्त करने वाले छात्र - छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया ।
जनपद स्तर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विकास क्षेत्र बिचपुरी ने प्रथम, विकास क्षेत्र अकोला ने द्वितीय तथा विकास क्षेत्र शमशाबाद एवं जगनेर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । इस अवसर पर बोलते हुए उप शिक्षा निदेशक प्राचार्य डायट आगरा अनिरुद्ध यादव ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण जागृत करने की दृष्टि से आयोजित की जाती हैं जिनका लक्ष्य उनमें अंधविश्वास को दूर करना तथा तार्किक क्षमता का विकास करने के साथ नवीन सोच एवं अपने आसपास की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मॉडल बनाने की समझ को विकसित करने से किया जाता है। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वहन डाइट प्राचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार सिंह, प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय, प्रवक्ता अंकुश अग्रवाल एवं रोली गौड़ ने किया । जिला समन्वयक प्रशिक्षण कुलदीप तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में 61 छात्र छात्राओं ने मॉडल तथा 65 छात्र छात्राओं ने क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र छात्राओं को बैग एवं स्टेशनरी तथा ज्योमेट्री बॉक्स प्रदान किया गया । कार्यक्रम में प्रवक्ता पुष्पेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद गौतम, एसआरजी प्रीति सिंह, मीना पुष्कर के साथ शिक्षक अशोक कुमार, आलोक जैन, पवन कुमार, मिली जैन, पंकज कुमार सिंह, राजेश रावत, ओमवीर सिंह, कुसुम वर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा।
मॉडल प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्य स्तर पर प्रतिभा करने का अवसर एवं अंतर्राष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट करने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने किया।
