पीलीभीत। पूरनपुर खुटार हाईवे पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूरनपुर सहकारी चीनी मिल में तैनात केनगार्ड की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
शहर से सटे खानकाह मोहल्ला निवासी मो. सद्धीक (45) पुत्र शब्बीर अहमद पूरनपुर सहकारी चीनी मिल में केनगार्ड के पद पर कार्यरत थे। उनका बेटा मो. साहिल चीनी मिल के क्रय केंद्र पर इंचार्ज के रूप में तैनात है। सोमवार की देर शाम पिता-पुत्र दोनों स्कूटी से चीनी मिल में ड्यूटी पर जा रहे थे।
जैसे ही वे खुटार हाईवे पर स्थित चीनी मिल के मुख्य गेट के सामने पहुंचे, तभी खुटार की ओर से तेज रफ्तार और अनियंत्रित होकर आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूरनपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मो. सद्धीक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मो. साहिल की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।मो. सद्धीक की मौत की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली।
हादसे के बाद कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक मो. सद्धीक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)