अमेठीः सड़क की हालत बेहद खराब, छात्र-छात्राएँ हलकान
January 31, 2026
अमेठी। जनपद के रामनाथपुर स्थित रणवीर इंटर कॉलेज को जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो जाने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रणवीर इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएँ प्रतिदिन साइकिल व अन्य वाहनों से स्कूल आते-जाते हैं, लेकिन स्कूल के सामने सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। गड्ढों के कारण कई बार बच्चों की साइकिल पंचर हो जाती है, तो कई बार छात्र गड्ढों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। छुट्टी के समय जब एक साथ बड़ी संख्या में बच्चे निकलते हैं, तब सड़क पर भीड़ बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है। फिसलन के कारण साइकिल और अन्य वाहन पलट जाते हैं, जिससे बच्चों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क कई वर्षों से खराब पड़ी है, लेकिन अब तक न तो इसका निर्माण कराया गया और न ही मरम्मत की गई। विद्यालय प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से कई बार सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
