बीसलपुर। स्टेशन मार्ग स्थित एक व्यापारी के गोदाम पर गुरुवार को उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब मैदा की बोरियां उतारते समय एक श्रमिक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे में श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
मोहल्ला हबीबुल्लाह खां जनूबी निवासी 38 वर्षीय रेशू खां एक व्यापारी के गोदाम पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मैदा की बोरियां उतारने के लिए पहुंचा था। बताया जा रहा है कि ट्रॉली ढाल पर खड़ी थी। इसी दौरान ट्रॉली का डाला खोलते समय अचानक ट्रैक्टर आगे की ओर सरक गया और स्टार्ट हो गया। ट्रैक्टर को रोकने के प्रयास में रेशू खां उस पर चढ़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। पहिया सिर और सीने के ऊपर से गुजरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला तथा कस्बा इंचार्ज विपिन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
