पीलीभीतः न्यूरिया में ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पूर्णागिरी जनशताब्दी से हुआ हादसा
January 28, 2026
पीलीभीत। जनपद न्यूरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना न्यूरिया कॉलोनी रेलवे फाटक के पास की है, जहां टनकपुर से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार 12035 डाउन पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे परफुल सरकार रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही थाना न्यूरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया। मृतक की पहचान न्यूरिया कॉलोनी निवासी परफुल सरकार (50) पुत्र पंचानंद सरकार के रूप में हुई है।परिजनों ने बताया कि परफुल सरकार की आंखों की रोशनी कमजोर थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कमजोर दृष्टि के कारण उन्हें ट्रेन की गति और दूरी का सही अनुमान नहीं लग सका, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रेलवे विभाग से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। थाना अध्यक्ष सुभाष मावी ने कहा कि मृतक की पहचान न्यूरिया कॉलोनी निवासी परफुल सरकार के रूप में हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
