छिबरामऊ /कन्नौज। कोतवाली क्षेत्र के कसावा कस्बे मे गुरुवार को आजाद समाज पार्टी का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया कार्यक्रम मे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ मुख्य अतिथि के रूप मे शामिल हुए आयोजनकर्ता गुलाम वारिस ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए घोषणा की कि आगामी 4 फरवरी को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद कसावा पहुंचेंगे उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं मे उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने केंद्र और प्रदेश की चल रही वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला उन्होंने कहा कि मौजूदा शासनकाल मे दलित पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के लोगों को लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों और पुलिस चैकियों मे हमारे समाज के लोगों को बेवजह परेशान किया जाता है और उनकी शिकायतों पर समय से कार्रवाई नहीं होती। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजाद समाज पार्टी सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। पार्टी का उद्देश्य शोषित वंचित और पीड़ित वर्ग को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करें और गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें।
अपने संबोधन मे सुनील कुमार चित्तौड़ ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की विचारधारा ही सामाजिक समानता और न्याय का मार्ग दिखाती है। संविधान मे दिए गए अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या मे पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अंत मे आयोजक गुलाम वारिस ने सभी का आभार व्यक्त किया और 4 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
