Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुर: धूमधाम से मनाया गया क्रिसमस डे, चर्चों में उमड़ी भीड़


बीसलपुर। नगर में क्रिसमस डे का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बुधवार की रात जैसे ही घड़ी की सुइयां बारह पर पहुंचीं, नगर स्थित चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रभु यीशु के जन्मदिवस पर चर्च और घरों को रंग-बिरंगी झालरों, लाइटों, झंडियों और क्रिसमस ट्री से सजाया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहे। एकता नगर कॉलोनी स्थित चर्च में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। प्रभु यीशु के जन्म को दर्शाती सुंदर झांकियां सजाई गईं। लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया और क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे परिधानों में लोगों ने कैरोल गीतों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

प्रातः दस बजे आयोजित प्रार्थना सभा में फादर एम. मैथ्यू ने कहा कि प्रभु यीशु ने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा, प्रेम और सद्भावना के लिए समर्पित किया। उन्होंने अंधकार और अज्ञानता को मिटाने का संदेश दिया। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में भाईचारा और शांति स्थापित की जा सकती है।

क्रिसमस डे पर सुबह से ही ईसाई समुदाय में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और फोन के माध्यम से भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। देर शाम तक चर्च परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। बच्चों और युवतियों ने कैंडिल जलाकर प्रभु यीशु के जन्मदिवस को याद किया। दोपहर में भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। स्कूलों में भी क्रिसमस डे पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां सजे क्रिसमस ट्री और सांता क्लॉज के वेश में बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |