Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बाराबंकीः झाड़ियों में दिखे दो अजगर, इलाके में मची दहशत


रामनगर/बाराबंकी।तहसील रामनगर क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राम पंचायत हरीनारायणपुर के पास स्थित अवस्थी ढाबा के पीछे झाड़ियों में दो अजगर दिखाई दिए। अजगरों के देखे जाने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों, ढाबे पर मौजूद ग्राहकों और राहगीरों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों अजगर झाड़ियों में छिपे हुए थे और उनकी गतिविधियों से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वे शिकार की तलाश में हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अजगरों का आकार काफी बड़ा है, जिससे लोगों में भय का माहौल और बढ़ गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें नहीं पकड़ा गया तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

ढाबा संचालक संदीप अवस्थी ने बताया कि अचानक सूचना मिली कि ढाबे के पीछे दो अजगर मौजूद हैं। यह अजगर कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन उनकी मौजूदगी से ढाबे पर आने वाले लोगों और आसपास के ग्रामीणों को खतरा हो सकता है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल रेस्क्यू कराने की मांग की है।

मामले की जानकारी मिलने पर वन क्षेत्र अधिकारी एवं रेंजर अल्पना पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। दोनों अजगरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर रेस्क्यू किया जाएगा और बाद में उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अजगरों के पास जाने या अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |