बाराबंकी: विधायक ने दिव्यांगजनों को बांटे उपकरण
December 17, 2025
बाराबंकी । हैदरगढ़ विकासखंड परिसर में मंगलवार को दिव्यांगजनों के लिए एक भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने अपने हाथों से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। इस अवसर पर कुल 48 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, 30 दिव्यांगजनों को एमआर किट, पांच दिव्यांगजनों को स्मार्ट केन तथा पांच दिव्यांगजनों को कान की मशीन प्रदान दी गई।सहायक उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। वर्षों से सहारे की प्रतीक्षा कर रहे कई दिव्यांगजनों की आंखें नम थीं, तो कई ने इसे अपने जीवन में नई शुरुआत बताया। विधायक दिनेश रावत ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी जरूरतमंद दिव्यांगजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हैदरगढ़ रामदेव सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के. एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एजाजुल हक खां उपस्थित रहे। अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने जनप्रतिनिधियों व प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल उनके जीवन को आसान बनाते हैं, बल्कि उन्हें सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीने का हौसला भी देते हैं।
