Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः सीडीओ ने विभिन्न विभागों की संचालित योजनाओं की समीक्षा कर दिये कड़े निर्देश! शासकीय योजनाओं की पत्रावलियों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाये-सीडीओ


प्रतापगढ़। जिले में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति, जिला आजीविका मिशन-क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में एलडीएम नीरज सिंह ने शासकीय योजनाओं के प्रगति की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड वित्तीय वर्ष 2025-26 के कुल भौतिक लक्ष्य 147722 निर्धारित किया गया है, वर्तमान वित्तीय वर्ष में फसल के लिये कुल 88047 भौतिक आवेदन स्वीकृत हुये है एवं कुल राशि रूपये 1018.72 करोड़ का ऋण स्वीकृत किया गया है। मत्स्य पालन केसीसी योजना में वित्तीय वर्ष का लक्ष्य 545 लाभार्थियों का आवंटित है, बैंकों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष 72 पत्रावलियों में 109.33 लाख का ऋण वितरित किया गया है, योजना की धीमी प्रगति पर सीडीओ को बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया कि मत्स्य पालन केसीसी योजना के लाभार्थियों की पत्रावलियों को लम्बित कदापि न रखें, जल्द से लम्बित पत्रावलियों का निस्तारण करायें। ओडीओपी योजना में भौतिक लक्ष्य 20 आवंटित है जिसके सापेक्ष 25 पत्रावलियॉ बैकों की विभिन्न शाखाओं में भेजी गयी है, प्राप्त आवेदनों से 7 पत्रावलियों में 39.44 लाख का ऋण स्वीकृत किया गया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भौतिक लक्ष्य 165 आवंटित था जिसके सापेक्ष 178 पत्रावलियॉ बैंकों की विभिन्न शाखाओं में प्रेषित हुई, प्राप्त आवेदन के सापेक्ष 50 पत्रावलियों में रूपये 178.66 लाख का ऋण वितरित किया गया है। 

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा में उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया गया कि कुल आवंटित लक्ष्य 1750 के सापेक्ष 1090 आवेदन पत्रों पर स्वीकृत एवं 1151 आवेदन पत्र पर ऋण वितरण किया गया। गत बैठक के लम्बित प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा पर पूर्व पारित निर्देश के अनुसार संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर सीडीओ द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुये शत प्रतिशत वितरण हेतु बैंकों को कड़े निर्देश दिये गये। समीक्षा पर यह भी पाया गया कि गठित समिति के अनुमोदनोपरान्त भी बैंकर्स द्वारा सकारात्मक कार्य नहीं किया जा रहा है, समीक्षा किये जाने पर बैठक में कई बैंक के जिला समन्वयकों द्वारा प्रपत्र अपूर्ण होने की समस्या के कारण लक्ष्यानुरूप प्रगति नहीं हो पाने का कारण बताया गया जिस पर सीडीओ द्वारा असंतोष व्यक्त करते हुये बैठक में उपस्थित सभी जिला समन्वयकों को निर्देश किया कि आवेदन पत्र गठित कमेटी के पर्यवेक्षण के उपरान्त ही भेजे जा रहे हैं फिर भी यदि उन आवेदन पत्रों में प्रपत्रों का आभाव हो तो अग्रणी बैंक प्रबन्धक एवं उपायुक्त उद्योग को अवगत कराते हुये वांछित प्रपत्र प्राप्त कर लिये जाये किन्तु उन आवेदन पत्रों को किसी भी स्थिति में अस्वीकृत न किया जाये। बैठक में सीडीओ द्वारा बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना प्रदेश सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी योजना है इसमें किसी भी प्रकार की बरती गयी शिथिलता को गम्भीरता से लिया जायेगा तथा सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। बैठक में अनुपस्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के जिला समन्वयक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। 

जिला आजीविका मिशन-क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में डीसी एनआरएलएम देव कुमार ने बताया कि जनपद में 44000 लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, समूह में शामिल दीदी को पशु शेड, गोट शेड, मुर्गीमेट (पशु आवास) इत्यादि योजनाओं में प्राथमिकता दी जायेगी।  इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना है, ताकि वे सालाना 1 लाख रूपये या उससे अधिक की आय अर्जित कर सकें। सीडीओ ने सभी बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया कि लखपति दीदी बनाने में सभी बैंक सहयोग करें और जो भी छोटे-छोटे ऋण है उन्हें समय से स्वीकृत करें, यदि किसी प्रकार की कमियां पायी जाये तो समय से अवगत करा दिया जाये।

पीएम स्वनिधि योजना की बैठक में सीडीओ ने सभी बैंक समन्वयक को निर्देशित किया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण की स्थिति अत्यन्त खराब है, सभी बैंकर्स पीएम स्वनिधि योजना में रूचि लेते हुये लाभार्थियों को ऋण वितरण कर लाभान्वित करायें, लापरवाही न बरती जाये।  पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा में पाया गया कि बैंकों द्वारा फाइले रिजेक्ट की जा रही है जिस पर सीडीओ ने सभी बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया कि फाइलों को रिजेक्ट न करे, नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाये, यदि फाइलों में कोई समस्या आ रही है तो उसको अवगत कराया जाये। 

बैठक के अन्त में सीडीओ ने समस्त बैंक समन्वयकोंध्प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि बैकों में जो भी शासकीय योजनाओं की जो भी पत्रावलियॉ लम्बित है उसका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाये, लापरवाही कदापि न बरती जाये अन्यथा की स्थिति में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। बैठक में पीओ नेडा दीपक वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसीएनआरएलएम देव कुमार, परियोजना अधिकारी डूडा सीमा भारती, एलडीएम नीरज सिंह, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी व अन्य सम्बन्धित अधिकारी व बैंकों के समन्वयकध्प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |