जायस: पीएचसी परिसर में आकार ले रहा आस्था का केंद्र, मंदिर निर्माण मे तेजी
December 18, 2025
जायस/अमेठी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) शाहमऊ परिसर में एक नया मंदिर आकार ले रहा है, जो क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनने जा रहा है। मंदिर का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से प्रगति पर है, जिसे लेकर आसपास के गांवों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर निर्माण कार्य युवा समाजसेवी आदर्श प्रताप सिंह के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। आदर्श का कहना है कि स्वास्थ्य सेवा के इस परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बनने से मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को मानसिक शांति और संबल मिलेगा। निर्माण कार्य में स्थानीय लोगों का सहयोग स्वतःस्फूर्त रूप से सामने आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, पीएचसी परिसर में मंदिर बनने से यहां आने वाले लोगों को इलाज के साथ-साथ आस्था से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। यह स्थान न केवल धार्मिक भावना को सशक्त करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देगा तेजी से आगे बढ़ रहा यह निर्माण कार्य अब अपने अंतिम स्वरूप की ओर बढ़ रहा है और जल्द ही पीएचसी शाहमऊ परिसर में यह मंदिर लोगों के लिए श्रद्धा का नया प्रतीक बनेगा।
