Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः जिला सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक! ई-रिक्शा के लिए निश्चित रूट प्रणाली लागू की जानी चाहिए- जिलाधिकारी


अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की और जनपद में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा के विरुद्ध कार्रवाई की स्थिति जानी। उन्होंने एआरटीओ व यातायात विभाग को संयुक्त टीम बनाकर अवैध व अपंजीकृत ई-रिक्शा के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए किसी भी स्थान पर विद्युत चोरी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए, तथा केवल वैध विद्युत कनेक्शन से ही चार्जिंग की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के लिए निश्चित रूट प्रणाली लागू की जानी चाहिए। इसके लिए उन्होंने सीओ ट्रैफिक, एआरटीओ और अधिशासी अभियंता (लोनिवि) की तीन सदस्यीय समिति गठित कर जनपद में ई-रिक्शा रूट निर्धारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्रों में अनधिकृत टैक्सी स्टैंडों का संचालन तत्काल बंद कराया जाए। साथ ही ई-रिक्शा, ऑटो, टैक्सी स्टैंड हेतु भूमि का चिन्हांकन कर छोटे-छोटे पिक एंड ड्रॉप स्टेशन बनाए जाएं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच और परिवहन सुरक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में संचालित वाहनों की फिटनेस, कागजात और निर्धारित क्षमता की नियमित जांच की जाए। यदि किसी विद्यालय द्वारा क्षमता से अधिक छात्रों को वाहन में बैठाया जाता है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगे हों। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों व एक्सप्रेसवे पर हो रही दुर्घटनाओं पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख मार्गों पर साइनेज बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, निर्धारित गति सीमा बोर्ड लगाए जाएं तथा अनधिकृत कटों को बंद किया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और स्पीड लिमिट के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि एआरटीओ और यातायात विभाग संयुक्त रूप से नियमित जनजागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |