मसौली /बाराबंकी। मसौली ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सफदरगंज स्थित फतेहचंद जगदीश राय इंटर कॉलेज में सहायक लिपिक दिनेश प्रताप सिंह के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उनके दीर्घ सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश नारायण, वरिष्ठ प्रवक्ता शैलेंद्र मिश्रा तथा हौसला प्रसाद चैबे ने दिनेश प्रताप सिंह के कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं समर्पित कार्यों की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में विद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम योगदान दिया।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के प्रदेश मंत्री शिव कैलाश सोनी, जिला अध्यक्ष नीरज पांडे, जिला मंत्री पवन कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, उपाध्यक्ष देशराज सिंह एवं नरेंद्र कुमार, जिला मीडिया प्रभारी अमित राज सहित ज्ञानेश कुमार द्विवेदी, अखिलेश कुमार वर्मा तथा अन्य सम्मानित शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से दिनेश प्रताप सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की गई।
