अमेठीः गरीबो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ देना हमारा दायित्व-शाम्भवी सिंह
December 16, 2025
अमेठी। विधानसभा क्षेत्र अमेठी के विकासखंड भेटुआ अंतर्गत न्याय पंचायत अमेयमाफी एवं गैरिकपुर की ग्रामसभा अमेयमाफी में सती महारानी जन कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित नेत्र शिविर एवं विभागीय शिविर क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक, जनकल्याणकारी एवं प्रेरणादायक आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। इस विशाल जनसेवा अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और इसे आमजन के जीवन में प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाने वाला सराहनीय प्रयास बताया। इस व्यापक जनकल्याणकारी कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्य अतिथि रानी शाम्भवी सिंह एवं राजकुमार अनंत विक्रम सिंह (पूर्व विधायक प्रतिनिधि) रहे। दोनों ने शिविर स्थल पर घंटों उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अमेठी की जनता का स्वास्थ्य, सम्मान और सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए वे हर समय, हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहेंगे। जनसंवाद के दौरान रानी शाम्भवी सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचल में रहने वाले गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना उनका नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी समुचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक ऐसे जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है, और उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वे सदैव सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहेंगी। वहीं राजकुमार अनंत विक्रम सिंह ने कहा कि जनसेवा ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए पद या शक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनसंघर्ष का मार्ग है। क्षेत्र की जनता के हित में स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक कल्याण एवं विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में और भी व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज का कोई भी वर्ग मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। शिविर के दौरान कुल 189 लोगों की नेत्र जाँच की गई तथा शुगर जाँच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
