Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: चिल्ड्रेस पैलेस का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया


लखनऊ। शहर के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ‘चिल्ड्रेस पैलेस’ का वार्षिक उत्सव गुरुवार को हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में शिक्षा, संस्कृति और रचनात्मकता का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता पार्षद दल के उपनेता एवं क्षेत्रीय पार्षद सुशील तिवारी ‘पम्मी’  ने की।इस अवसर पर नगर आयुक्त  गौरव कुमार , पार्षद रंजीत सिंह ,संजय सिंह राठौर , गीता देवी , पूर्व पार्षद संतोष राय , पंकज पटेल , प्रभारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता, चिल्ड्रेस पैलेस म्यूनिसपल स्कूल की मुख्याध्यापिका  सविता सिंह , अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य सुभाष पाण्डेय , कश्मीरी मोहल्ला स्कूल की मुख्याध्यापिका  मृदुला एवं सरिता कुशवाहा सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय की मुख्याध्यापिका सविता सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम को विशेष गौरव उस समय प्राप्त हुआ जब विद्यालय के 1961 बैच के पूर्व छात्र एवं पूर्व एमएलसी मधुकर जेटली ने अपनी उपस्थिति से समारोह को ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान की निरंतर प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की।वार्षिक उत्सव में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नर्सरी-ए के नन्हे बच्चों ने “हर तरफ, हर जगह” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि केजी-ए के विद्यार्थियों ने “दीप शिक्षा का ज्ञान” पर शिक्षाप्रद नृत्य प्रस्तुत किया। प्री-नर्सरी ई और एफ के बच्चों ने “चले जैसे हवाएं सनन सनन” गीत पर आकर्षक नृत्य किया। पी-नर्सरी ए और सी के बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में “राधा गोरी गोरी” गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी।इसके अतिरिक्त प्री-नर्सरी डी और बी के बच्चों ने “धक धक धरती” गीत पर ऊर्जावान प्रदर्शन किया, वहीं केजी-बी के बच्चों ने पंजाबी गीत पर भांगड़ा कर वातावरण में उत्साह भर दिया। नर्सरी सी और बी के बच्चों की “चंदा मामा” गीत पर प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया, जबकि नर्सरी-डी की छात्रा बर्चा ने “तेरा हिमालय आकाश से ऊँचा” जैसे देशभक्ति गीत पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।मुख्य अतिथि महापौर आदरणीय  सुषमा खर्कवाल  ने कहा कि चिल्ड्रेस पैलेस म्युनिसिपल नर्सरी स्कूल का यह आयोजन केवल वार्षिकोत्सव नहीं, बल्कि नन्हे बच्चों के सपनों और प्रतिभा का उत्सव है। बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियाँ लखनऊ के उज्ज्वल भविष्य का संकेत हैं। नगर आयुक्त ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि चिल्ड्रेस पैलेस जैसे संस्थान बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि मंच के माध्यम से आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व की क्षमता भी प्रदान करते हैं। इतनी कम उम्र में बच्चों का यह प्रदर्शन अत्यंत प्रशंसनीय है और यह शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है।वहीं प्रभारी अपर नगर आयुक्त  अरुण कुमार गुप्त ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों में स्पष्ट रूप से उनकी रचनात्मकता और संस्कार दिखाई दिए। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चिल्ड्रेस पैलेस द्वारा दी जा रही शिक्षा एवं संस्कार वास्तव में सराहनीय हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्याध्यापिका सविता सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |