बाराबंकी: पार्थिव शिवलिंग पूजन का विशेष महत्व- शशिकांत महाराज
December 27, 2025
मसौली /बाराबंकी । मसौली बाजार में आयोजित शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन काशी से पधारे कथा व्यास परमपूज्य श्री शशिकांत महाराज ने शिव भक्ति का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव अत्यंत दयालु और कृपालु हैं। उन्हें प्रसन्न करने के लिए किसी आडंबर की आवश्यकता नहीं, केवल एक लोटा जल अर्पित करने मात्र से ही भोलेनाथ अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं। उन्होंने कहा कि शिव जैसा करुणामय देवता संसार में कोई दूसरा नहीं है।कथा के दौरान उन्होंने गुड़ निधि नामक चोर की प्रेरक कथा सुनाते हुए बताया कि अंजाने में शिव मंदिर में एक दीप जलाने मात्र से भगवान शिव ने उसकी किस्मत बदल दी और उसे कुबेर के समान वैभव प्रदान किया। यह कथा शिव की असीम कृपा और क्षमा भाव को दर्शाती है।कथा व्यास ने पार्थिव शिवलिंग पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। जो भक्त भगवान शिव को अक्षत अर्पित करते हैं, उन्हें शिव जी अक्षय लोक प्रदान करते हैं। उन्होंने ब्रह्मा और विष्णु जी के विवाद का उल्लेख करते हुए बताया कि शिव जी ने शिवलिंग रूप में प्रकट होकर ब्रह्मा के अभिमान को तोड़ा और विष्णु जी को सर्वपूज्य होने का आशीर्वाद दिया।इस अवसर पर कथा आयोजक लल्लू राम जायसवाल, राधा देवी जायसवाल, कल्लूराम जायसवाल, मीना, रामबाबू, अन्नू, पवन, नीरज, मोहित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
