मसौली/बाराबंकी। जनसंख्या नियंत्रण पर प्रभावी कानून बनाए जाने समेत राष्ट्रहित से जुड़ी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिले की धर्म जागरण संस्था के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पावन सरयू नदी तट स्थित गणेशपुर से जल भरकर चार दिवसीय पदयात्रा का भावनात्मक शुभारंभ किया। जल, जन और राष्ट्र” के संकल्प के साथ निकली यह पदयात्रा जिले की सात नदियों का जल संग्रह करते हुए 29 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी, जहां पांच सूत्रीय मांग पत्र रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपा जाएगा।
धर्म जागरण संस्था के जिला संयोजक अमित अवस्थी ने बताया कि सरयू तट से प्रारंभ हुई पदयात्रा का प्रथम विश्राम मसौली में हुआ। शनिवार की सुबह यात्रा मसौली धाम से प्रस्थान कर कुरौली में विश्राम करेगी। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता मार्ग में पड़ने वाले सभी मंदिरों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी आस्था व समर्पण व्यक्त कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। पांच सूत्रीय मांग पत्र में जनसंख्या नियंत्रण के लिए प्रभावी कानून बनाए जाने, सभी सरकारी अभिलेखों में पिता का नाम लिखे जाने की अनिवार्यता सहित अन्य जनहितकारी मांगें शामिल हैं।पदयात्रा में संयोजक अमित अवस्थी के साथ देवी शंकर सौनी, प्रेमनंद वर्मा सहित बड़ी संख्या में धर्म जागरण संस्था के कार्यकर्ता पूरे उत्साह, अनुशासन और भावनात्मक प्रतिबद्धता के साथ सहभागी बने हुए हैं। सरयू जल के साथ उठे यह स्वर अब राजधानी तक गूंजने को तैयार हैं।
