बाराबंकी । तहसील क्षेत्र की सनौली ग्राम पंचायत में आयोजित लकी क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हर्षोल्लास के साथ हुआ। उद्घाटन युवा समाजसेवी एवं प्रधान पद प्रत्याशी अनुभव विश्वकर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजकों द्वारा उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया, वहीं दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने भी गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया।
उद्घाटन मुकाबला जैतपुर कस्बा एवं इचैली ग्राम की टीमों के बीच खेला गया। मैच से पूर्व अनुभव विश्वकर्मा ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है।
टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ जुटी रही। ग्रामीणों ने खेल का भरपूर आनंद लिया और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जेपी एवं अंकित सिंह ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत के युवाओं एवं आयोजक मंडल का सराहनीय योगदान रहा। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजन होते रहेंगे, जिससे क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
