बाराबंकी: थाना समाधान दिवस पर पुलिस ने सुनी फरियादियों की समस्याएं
December 27, 2025
बाराबंकी । शनिवार को जनपद के समस्त थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्षों द्वारा थानों पर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और उनका गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।थाना समाधान दिवस के अवसर पर भूमि विवाद, आपसी रंजिश, मारपीट, घरेलू विवाद सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण की मौके पर ही समीक्षा करते हुए संबंधित पक्षों को बुलाकर समस्या का समाधान कराया। जिन मामलों में तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उनमें समयबद्ध व निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।पुलिस के अनुसार थाना समाधान दिवस के दौरान जनपद भर में कुल 10 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लेकर संवेदनशीलता के साथ निस्तारित किया जाए, ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए थाना समाधान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और किसी भी प्रकार की शिकायत को लेकर निसंकोच थानों पर संपर्क करें।
