लखनऊ: इटौंजा में पकड़ी गई चंडीगढ़ की शराब! आबकारी टीम की तत्परता से पकड़ी गई 443 पेटी शराब भरी ट्रक
December 04, 2025
लखनऊ। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश व जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा दिए गए आदेशानुसार एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त लखनऊ जोन और उप आबकारी आयुक्त लखनऊ प्रभार के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी लखनऊ के नेतृत्व में अवैध रूप से मदिरा की बिक्री के रोकथाम के दृष्टिगत चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत, बुधवार की आधी रात आबकारी विभाग, एसटीएफ व थाना इटौंजा लखनऊ द्वारा अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। आबकारी निरीक्षक कौशलेंद्र रावत, विजय राठी, अखिल कुमार गुप्ता, अभिषेक सिंह, अखिलेश कुमार, हरिकेश शुक्ला और आबकारी टीम द्वारा थाना इतौंजा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक ट्रक वाहन संख्या पीबी 65 ए एच 3597 से 443 पेटी गैर प्रांत की अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं संयुक्त टीम ने इटौंजा टोल प्लाजा सीतापुर रोड के पास से अवैध गैर प्रांत की मदिरा से भरी ट्रक को पकड़ा। पूछताछ में चालक सुशील कुमार निवासी जनपद कांगड़ा हिमाचल प्रदेश ने स्वीकार किया कि शराब चंडीगढ़ से बिहार तस्करी हेतु ले जाई जा रही थी। अभियुक्त के कब्जे से 01 मोबाइल फोन तथा 5700 रुपए नकद भी बरामद किया गया। बरामद शराब में रॉयल स्टैग, बकार्डी, ऑल सीजन, ओल्ड हैबिट ब्रांड की कुल 443 पेटी अवैध शराब जिन पर फॉर सेल इन चंडीगढ़ ऑनली अंकित था। वाहन एवं शराब को कब्जे में लेकर सुसंगत धाराओं के तहत थाना इटौंजा में मुकदमा दर्ज हुआ। इस सफलता पर आबकारी निरीक्षक विजय राठी, अखिल कुमार और कौशलेंद्र रावत ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग व छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है, ताकि अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
