कुंडा/प्रतापगढ़। प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर कुंडा तहसील में लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। आधा दर्जन से अधिक मांगो को लेकर उन्होंने एक मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। उनका आरोप है कि सरकार उनका शोषण कर रही है।
शनिवार को कुंडा तहसील में समाधान दिवस होने के बाद भी लेखपाल धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि कई बार उन्होंने अपनी मांगो को लेकर राज्य सरकार से बात की लेकिन उनकी मांगो को सरकार स्वीकार नही कर रही है। उनका कहना है कि उनको पदोन्नति में अवसर देते हुए प्रारम्भिक ग्रेड पे 2800 किया जाय एवं एसीपी विसंगति दूर करके नियत यात्रा भत्ता के साथ स्टेशनरी भत्ता बढ़ाया जाय तथा पेंशन विसंगति दूर करते हुए पदनाम परिवर्तित करके अन्तरमण्डलीय स्थानांतरण किया जाय। लेखपालों का कहना था कि यदि उनकी मांगो को पूरा नही किया गया तो भविष्य में अतिरिक्त क्षेत्रों के कार्यभार को छोड़कर वे व्यापक रूप से धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे और इसकी पूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्र, तहसील अध्यक्ष सतीश कुमार, मंत्री संदीप कुमार मौर्य, उपमंत्री राकेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार, निर्देश कुमार, अर्चना मिश्रा, निधि तिवारी, सुरेश नारायण तिवारी, खुशी सिंह, मनीष कक्कड़, प्रेमचंद्र सहित कई सारे लेखपाल मौजूद रहे।
