लखनऊ। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समर्पित था जिन्होंने अपने जीवन के अमूल्य वर्ष नगर सेवा में लगाए और अब सेवानिवृत्ति के बाद नई जीवन यात्रा शुरू कर रहे हैं। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारीगण, पार्षदगण एवं कर्मचारियों के परिवारजन भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान महापौर ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही निगम परिवार की ओर से उनके उज्जवल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सुरेन्द्र कुमुद गुप्ता (लेखाकार), किशोरी लाल (सहायक अभियंता), श्रीमती शिव देवी (अनुचर), राम जीवन (बेलदार), बच्चो लाल, किशन लाल, मीरा, सुनीता, हरि लाल, कामिनी, नरेश, गया प्रसाद,ओमकार, गंगा किशन और प्रदीप कुमार (सभी सफाई कर्मी) शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान मृतक आश्रितों के स्थान पर साक्षी आर्या और बलवंत सिंह को अनुचर पद पर नियुक्ति पत्र महापौर द्वारा प्रदान किए गए।
अपने उद्बोधन में महापौर ने कहा कि “नगर सेवा केवल एक नौकरी नहीं, यह जीवनभर का समर्पण है। हमारे सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी इस शहर की धड़कन हैं। उनके योगदान से लखनऊ आज स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर के रूप में आगे बढ़ रहा है। नगर निगम परिवार उनके इस समर्पण को सदैव नमन करता है।”
