अमेठीः रोजगार मेला हुआ सम्पन्न
November 18, 2025
अमेठी। मिशन रोजगार के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा विकासखंड शुकुलबाजार स्थित रामकुमार स्मारक शिक्षण प्रशिक्षण बालिका महाविद्यालय में एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक निदेशक सेवायोजन, अयोध्या मंडल देवव्रत कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार अवसरों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार विकल्पों की जानकारी विस्तार से दी। मेले में कुल 12 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा आयोजित साक्षात्कार में 350 में से 264 अभ्यर्थियों का चयन प्रथम चरण के लिए किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई जगदीशपुर के कार्यदेशक राजीव प्रजापति, आईटीआई टीम तथा सेवायोजन कार्यालय के सभी कार्मिकों ने सक्रिय योगदान दिया।
