पीलीभीत। जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो बीएलओ को मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने सम्मानित किया। बूथ संख्या 117 रामनगरिया के बीएलओ राजेश कुमार और बूथ संख्या 118 बेबी सिंह कॉलोनी की बीएलओ तापसी मंडल को यह सम्मान दिया गया।
दोनों कार्यकर्ताओं ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाताओं से गणना प्रपत्र एकत्र कर उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र 128 बरखेड़ा में सर्वप्रथम डिजिटाइज किया। निर्धारित दायित्व को समय से पहले पूरा करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने इनके कार्यों की सराहना की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दोनों बीएलओ द्वारा किया गया कार्य अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी वे इसी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूर्ण करेंगे।दोनों सम्मानित कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आगामी कार्यों में सफलता की कामना भी की गई।
