बीसलपुरः सीएचसी में लापरवाही उजागर, मरीज ठंड में ठिठुरने को मजबूर! अधीक्षक की अनदेखी से अस्पताल की स्थिति दयनीय, बैडों पर नहीं बिछी चादरें
November 06, 2025
बीसलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बीसलपुर में अधीक्षक की लापरवाही से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रसव पीड़ा से ग्रस्त महिलाएं जब अस्पताल पहुंचती हैं, तो जच्चा-बच्चा दोनों को ठंड में बिना कंबल और चादर के रहना पड़ रहा है।अस्पताल के बैडों पर चादरें नहीं बिछी हैं, और कई प्रसूताएं ठंड से कांपती नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से अधीक्षक डॉ. आलमगीर ने कार्यभार संभाला है, अस्पताल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। मरीजों को दवा वितरण में भी दिक्कतें आ रही हैं। अस्पताल आने वाले गरीब और बेसहारा लोग उचित सुविधा न मिलने से नाराज हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से अधीक्षक की लापरवाही की जांच कराने और अस्पताल में बुनियादी सुविधाएं बहाल करने की मांग की है।
