Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: नगर निगम के तीन जोनों में चला सघन स्वच्छता एवं अतिक्रमण विरोधी अभियान! भारी जुर्माना और कई परिसरों पर कार्रवाई


लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा बुधवार को जोन 3, जोन 7 और जोन 8 में स्वच्छता, प्लास्टिक प्रतिबंध और अतिक्रमण के विरुद्ध बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त  गौरव कुमार के निर्देश पर हुए इस अभियान में सड़कों, फुटपाथों, बाजार क्षेत्रों और प्रमुख चैराहों पर विशेष निगरानी की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान, जुर्माना एवं सामान जब्ती की कार्रवाई की गई।

जोन 3 में जोनल सेनेटरी अधिकारी मनोज यादव के नेतृत्व में पक्के पुल से सीतापुर मुख्य मार्ग तक सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक के उपयोग, कूड़ा फैलाने और फुटपाथ पर बिना अनुमति सामान लगाने पर 18 चालान जारी किए। इसके साथ ही टीम ने ₹23,000 का जुर्माना वसूलकर नगर निगम में जमा कराया। इसी अभियान के दौरान आम नागरिकों और दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया तथा उन्हें लखनऊ स्वच्छता अभियान के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह व्यवस्था अपनाने की अपील की गई। फुटपाथ विक्रेताओं के लाइसेंसों की जाँच की गई और कई विक्रेताओं को वेण्डिंग जोन में कार्य करने तथा फूड लाइसेंस बनवाने के लिए नोटिस जारी किए गए।उधर जोन 7 में जोनल सेनेटरी अधिकारी अजीत कुमार राय ने टेढ़ीपुलिया चैराहे के आसपास प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक  बृजेश प्रजापति रूपेंद्र भास्कर और 296 टीम मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान गंदगी फैलाने पर ₹2,500 तथा प्रतिबंधित पॉलीथीनध्प्लास्टिक के उपयोग पर ₹36,000 का जुर्माना वसूला गया। कुल ₹38,500 की कार्रवाई करते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इसका उल्लंघन करने पर अधिक कठोर दंड दिया जाएगा।

वहीं, जोन 8 में जोनल अधिकारी विकास सिंह के नेतृत्व में अवैध अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध बड़ा अभियान चलाया गया। वृंदावन गेट से कालिंदी पार्क होते हुए सेक्टर-8 तक कई स्थानों पर अवैध खोमचे, ठेले और अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के दौरान नगर निगम ने मौके से 01 छोटा सिलेंडर, 02 छोटे काउंटर, 06 स्टूल सहित कई सामानों को जब्त किया और संबंधित व्यक्तियों को यह चेतावनी दी कि भविष्य में इस स्थान पर पुनः अतिक्रमण न करें।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि नियमों का पालन न करने वाले व्यक्तियों, दुकानदारों और विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि लखनऊ शहर स्वच्छता के मानकों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |