लखनऊ। बढ़ते वायु प्रदूषण के स्तर को देखते हुए नगर निगम ने शहर में पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए अपनी गतिविधियों को और तेज कर दिया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि हवा में मौजूद धूलकण और प्रदूषक कणों का फैलाव कम हो। इसके साथ ही सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर पड़े ब्-क् वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस कचरा) के निस्तारण के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
नगर निगम के सभी जोनों में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो यह सुनिश्चित कर रही हैं कि शहर में कहीं भी कूड़े में आग न लगाई जाए।
नगर निगम ने निर्देश जारी किया है कि सभी निर्माण स्थलों पर ग्रीन-नेट लगाना सुनिश्चित किया जाए ताकि उड़ने वाली धूल को रोका जा सके। इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।
