बलियाः जेएनसीयू की गृह विज्ञान की छात्राओं द्वारा वृद्धाश्रम भ्रमण
November 04, 2025
बलिया। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के निर्देश पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय गृह विज्ञान विभाग (मानव विकास एवं आहार एवं पोषण) की प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा सोमवार को वृद्धाश्रम का शैक्षिक भ्रमण किया गया। छात्राओं द्वारा सभी वृद्धों के साथ सामान्य बातचीत की गई एवं उनकी दिनचर्या के विषय में जानकारी प्राप्त की गयी। छात्राओं ने आश्रम की सामान्य एवं विशिष्ट व्यवस्थाओं से संबंधित विषय की जानकारी भी ली। वृद्धजन ने छात्राओं से अपने अनुभव एवं ज्ञान को साझा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं में संवेदी बौद्धिकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ का विकास करना रहा। इस तरह के कार्य समाज में बढ़ रही मानसिक एवं सामाजिक विकृतियों को कम करने एवं भविष्य में समाज को बेहतर नागरिक देने में सहायक होंगे। गृह विज्ञान विभाग की प्राध्यापिकाओं डॉ. रंजना मल्ल, डॉ. संध्या, डॉ. सौम्या एवं डॉ. तृप्ति तिवारी के निर्देशन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
