पीलीभीत। नौगवां चैराहे पर बुधवार की दोपहर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद गहरा गया, जिसके बाद चैराहे पर भारी हंगामा और जाम की स्थिति बन गई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक सीओ ने बिना वजह अभद्रता की और एक छात्र को थप्पड़ मार दिया, जिससे छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही एबीवीपी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और चैराहे पर बैठकर जाम लगा दिया। छात्रों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। देखते-देखते नौगवां चैराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थिति बिगड़ते ही कोतवाली शहर और सुनगढ़ी थाना पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। इसी दौरान प्रशिक्षु आईपीएस एवं सीओ सदर नताशा गोयल भी घटनास्थल पर पहुंचीं और एबीवीपी पदाधिकारियों व छात्रों से बातचीत शुरू की।
एबीवीपी पदाधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक सीओ ने चेकिंग के नाम पर छात्रों से गलत व्यवहार किया, उनका अपमान किया और एक छात्र को थप्पड़ भी मारा। उन्होंने कहा कि जब तक दोषी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं की जाएगी, आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।
प्रशिक्षु आईपीएस नताशा गोयल ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी। आश्वासन मिलने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि चेकिंग के दौरान क्या हुआ, इसकी जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। नौगवां चैराहे पर उत्पन्न विवाद और हंगामे के बाद अब प्रशासन अलर्ट हो गया है और पूरे मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
.jpg)