मसौली/बाराबंकी। मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजनदृएसआईआर) अभियान को गति देने के लिए बुधवार को ब्लॉक सभागार में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने की और बीएलओ को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।खंड विकास अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग का यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान न केवल नए मतदाताओं के पंजीकरण का बेहतर अवसर प्रदान करेगा, बल्कि पुराने रिकॉर्ड का डिजिटल सत्यापन कर मतदाता सूची से डुप्लीकेट वोटरों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को भी समाप्त करेगा।उन्होंने कहा कि इस अभियान की सबसे अहम कड़ी यह है कि अब हर मतदाता का विवरण ऑल-इंडिया डेटाबेस से मिलान किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति का नाम वर्ष 2003-04 में किसी अन्य राज्य या विधानसभा क्षेत्र में दर्ज रहा हो और वर्ष 2025 में किसी दूसरे स्थान पर उसका नाम जोड़ा गया हो, तो सिस्टम स्वतः ऐसे मामलों को चिन्हित कर लेगा। इसके बाद संबंधित व्यक्ति का भौतिक सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जाएगा, जिससे फर्जी या दोहरे नामों पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि बीएलओ की सहायता के लिए आशा बहुएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी सहयोग करेंगी, जिनके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी जानेंद्र गुप्ता, एडीओ आईएसबी मदन गोपाल कनौजिया, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी आशाराम चैधरी, अखिलेश पटेल, जैसराम, कमेलेश यादव सहित बीएलओ उपस्थित रहे।
