शाहबाद: अपराधियों पर शिकंजे के साथ ही घायलों की मदद भी करती है पीआरबी
November 06, 2025
शाहबाद। डायल 112 पर काम करने वाले पुलिसकर्मी केवल अपराधियों पर ही नजर नहीं रख रहे बल्कि मार्ग दुर्घटनाओं में घायल होने वाले मरीजों को भी चिकित्सालय पहुंचाकर उन्हें जीवनदान देकर उनके परिवारों की दुआएं भी ले रहे हैं घटना बुधवार की शाम लगभग 6.30 बजे की है जब ग्राम चकरपुर के नजदीक ग्राम वीरपुर निवासी 32 वर्षीय रमजान हुसैन पुत्र फिदा हुसैन और 40 वर्षीय अजीज अहमद पुत्र अब्दुल हुसैन किसी कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा ढकिया गए थे। ढकिया से लौटते समय गहनी चैराहे पर अचानक कोई जंगली जानवर दौड़ता हुआ सड़क पार करने लगा, जिससे रमजान की मोटरसाइकिल उससे टकरा गई और दोनों ही मोटर साइकिल सवार मार्ग पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे डायल 112 पर तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद अल्ताफ, कांस्टेबल चंद्रसेन गोला और चालक ऋषिपाल ने दोनों घायलों को शीघ्र ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार देकर सिर में लगी चोट को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया था परंतु परिजन उन्हें घर ले गए थे। खबर लिखे जाने तक दोनों घायलों की हालत में सुधार था।
