बाराबंकीः दबंगई से सहमी महिला ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
October 23, 2025
रामसनेहीघाट/ बाराबंकी। दरियाबाद थाना क्षेत्र के मसूदपुर मजरे खलसापुर गांव में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है। पीड़िता सावित्री पत्नी रमाकांत का कहना है कि जब से उसका पति रोजगार के सिलसिले में परदेश गया है, तभी से पड़ोसी रोशन लाल पुत्र रामबखन आए दिन उसे परेशान कर रहा है।महिला ने प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामला 22 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे की है, जब आरोपी रोशन लाल अपनी पत्नी रमावती के साथ महिला के घर में जबरन घुस आया और गालियां देते हुए लात-घूंसों व डंडे से उसकी पिटाई कर दी। सावित्री का आरोप है कि आरोपी अक्सर उस पर गलत नीयत से नजर रखता है और जबरिया छेड़छाड़ करता है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है।पीड़िता ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने पूजा स्थल के पास तुलसी के पेड़ के नीचे लड्डू फेंका, जब उसने वजह पूछी तो आरोपी बिफर उठा और पत्नी के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान उसने महिला का ब्लाउज पकड़कर खींचा और सीने पर डंडा मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।सावित्री ने दरियाबाद थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और उसे अपनी जान, माल व इज्जत का खतरा है।वहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।गांव में इस घटना को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पीड़िता को सुरक्षा दी जाए और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले ताकि महिलाओं में भय की जगह भरोसा कायम हो सके।
.jpg)