गुरसहायगंज /कन्नौज। अमृत भारत स्टेशन परिसर में गलत तरीके से संचालित की जा रही पार्किंग व्यवस्था को लेकर नागरिकों सहित यात्रियों में आक्रोश व्याप्त है। स्टेशन के सामने ठेकेदार द्वारा डगा मार वाहनों से मनमानी वसूली की जा रही है। ठेकेदार के कर्मचारी धमकाकर उनसे पार्किंग शुल्क वसूल रहे हैं, जबकि उक्त स्थान पार्किंग क्षेत्र घोषित नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग ठेकेदार के लोग स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों के वाहनों को रोककर जबरन वसूली कर रहे हैं। कई बार तो डग्गा मार वाहनों से बिना टिकट/पर्ची रूप में रुपए लिए जा रहे हैं। विरोध करने पर उनसे अभद्रता तक की जा रही है। यात्रियों ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा लगाए गए नो पार्किंग संकेतों का ठेकेदार पर कोई असर नहीं है। कर्मचारी खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं और रेल प्रशासन इस पर आंख मूंदे बैठा है। नगरवासियों ने रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि नो पार्किंग जोन में हो रही अवैध वसूली की तत्काल जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ।
