लखनऊः सीपीआर प्रशिक्षण से बढ़ेगी जीवन रक्षा की क्षमता कृ आमजन में जागरूकता बढ़ाने पर जोर
October 15, 2025
लखीमपुर खीरी। सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी के साथ जिला चिकित्सालय में भी स्टाफ और उपस्थित जनों को सीपीआर का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि सभागार में जिरियाटिक फिजिशियन डॉ. शिखर बाजपेई द्वारा शहर के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालकों सहित कार्यालय में तैनात समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीपीआर तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण इस उद्देश्य से दिया जा रहा है ताकि आमजन आपातकालीन स्थितियों में तत्काल जीवनरक्षक सहायता प्रदान कर सकें।सीपीआर तकनीक उस समय अत्यंत उपयोगी होती है जब किसी व्यक्ति की अचानक हृदयगति या सांस रुक जाए। ऐसे में यदि समय पर सीपीआर दिया जाए तो व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि किसी भी सामान्य व्यक्ति को यदि यह तकनीक आती है, तो वह अस्पताल पहुंचने से पहले भी किसी की जान बचाने में मददगार हो सकता है। उन्होंने कहा कि सीपीआर जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में यह समझ विकसित करना है कि हृदयाघात जैसी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सही तकनीक अपनाकर जीवन बचाया जा सकता है।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इस जीवनरक्षक तकनीक से परिचित होकर समाज में जागरूकता का संदेश फैला सकें। इसी के साथ सभी उपस्थित लोगों को जीवन रक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान एसीएमओ डॉ एसपी मिश्रा, एसीएमओ डॉ आरएम गुप्ता, डिप्टी सीएम डॉ अमित सिंह, डीपीएम अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
