बलियाः जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय का सप्तम् दीक्षान्त समारोह! राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को नशे से बचने का दिया संदेश
October 07, 2025
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया का सप्तम् दीक्षान्त समारोह मंगलवार को बड़े ही गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंत्रोच्चार के साथ किया। कहा कि विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने के लिए युवाओं को नवाचार और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ना होगा। समारोह में विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक और उपाधियां प्रदान की गईं। बेटियों की संख्या इस वर्ष भी उल्लेखनीय रही, जो शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की सशक्त भागीदारी को दर्शाता है।राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया है कि स्किल डेवलपमेंट के लिए प्रोजेक्ट बनाएंगे तो जरूर सैंक्शन होगा। पर्यावरण खतरे में है, इसे बचाने का संकल्प लेना होगा और अधिकाधिक संख्या में पौधे लगाने होंगे। विश्वविद्यालयों में अध्ययन- अध्यापन की संस्कृति में सुधार लाना होगा। छात्रों को नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहना होगा, अध्यापक पढ़ाने के साथ शोध की संस्कृति का विकास करें। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, लिव इन रिलेशन जैसी दुष्प्रवृत्ति की आलोचना की, क्षोभ व्यक्त किया। कहा कि मुझे तभी खुशी होगी जब उत्तर प्रदेश का हर युवा ड्रग्स छोड़ेगा। लड़कियों को सतर्क किया कि लुभावने झांसों में न आयें, अपने जीवन को बेहतर लक्ष्यों के लिए समर्पित करें।
