बाराबंकीः खड़े ट्रक में लगी आग, गैस सिलेंडर फटने से मची अफरातफरी
October 22, 2025
मसौली/बाराबंकी। सोमवार की भोर में सफदरगंज-बांसा मार्ग पर कई दिनों से खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। आग लगने के बाद ट्रक में रखे गैस सिलेंडर और टायरों के फटने से जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।बताया जा रहा है कि वर्तमान में बीएसएनएल द्वारा ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए भूमिगत केबल बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। इसी कार्य में लगे दूसरे प्रांतों के मजदूर बांसादृसफदरगंज मार्ग स्थित ईदगाह के निकट ट्रक में ही अस्थायी रूप से रह रहे थे। दीपावली पर्व के चलते मजदूर अपने घर चले गए थे और ट्रक में उनका सामान व बीएसएनएल का उपकरण रखा था।सोमवार तड़के करीब पांच बजे ट्रक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। इसी दौरान ट्रक में रखे गैस सिलेंडर के फटने से तेज धमाका हुआ और आसपास अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने स्थिति को नियंत्रित किया, मगर तब तक ट्रक में रखा बीएसएनएल का सारा सामान, मजदूरों के गैस सिलेंडर और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।
