बाराबंकीः साल भर मनाई जायेगी सरदार पटेल की 150वीं जयंती
October 22, 2025
बाराबंकी। भारत रत्न, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती 31 अक्तूबर से 31 अक्तूबर 2026 तक पूरे साल भर पटेल जयंती डेढ़ शताब्दी वर्ष के रूप में मनाई जाएगी।यह निर्णय स्थानीय सामाजिक संस्था सरदार पटेल संस्थान की प्रबंध समिति की बैठक में लिया गया। निर्णय के अनुसार इस साल जिले में साल भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें साहित्यिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं जनजागरण से जुड़े आयोजन शामिल होंगे। इस हेतु वैचारिक रूप से समतुल्य सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और समाजसेवियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।संस्थान के अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आगामी 31 अक्तूबर को पटेल जयंती डेढ़ शताब्दी वर्ष समारोह का विधिवत शुभारंभ पटेलनगर (दशहराबाग) स्थित सरदार पटेल श्रद्धा समर्पण स्थल से किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल की प्रतिमा पर भव्य पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण से होगी।उन्होंने जनपद के पटेल अनुयायियों से इस अभियान से जुड़कर इसे सफल बनाने की अपील की है।
