बाराबंकीः मजदूरी मांगने पर की पिटाई, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
October 23, 2025
बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम खीजना में मजदूरी मांगने गए मजदूर की पिटाई कर उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।ग्राम छिलंगवा थाना घुंघटेर निवासी राकेश कुमार पुत्र मूलचन्द्र ने बताया कि वह मजदूर पेशा व्यक्ति हैं। उन्होंने अपने साथियों पुनीत कुमार और अजीत कुमार के साथ ग्राम खीजना निवासी नीरज शुक्ला, तुषाद शुक्ला और सुनील शुक्ला के मकान में करीब 2200 वर्गफीट की शटरिंग लगाई थी। कार्य पूरा होने के बाद भी विपक्षियों ने छत की ढलाई नहीं कराई और शटरिंग हटाने नहीं दी, जिससे करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ।राकेश कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने मजदूरी और नुकसान की भरपाई मांगी तो विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, उसने घटना की सूचना थाना बड्डूपुर में दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।एसपी के निर्देश पर हुई जांच के बाद बड्डूपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)