अमेठीः जिला विद्यालय परिवहन यान समिति की बैठक सम्पन्न
October 27, 2025
अमेठी। कार्यालय सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, अमेठी के सभागार में कल जिला विद्यालय परिवहन यान समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी महेन्द्र बाबू गुप्ता, यात्री सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार सहित जनपद के 50 से अधिक विद्यालयों के संचालक, प्रबन्धक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। बैठक में सड़क सुरक्षा समिति की जनपदीय बैठक (दिनांक 06.10.2025) में दिये गये निर्देशों से विद्यालयों को अवगत कराते हुए दो दिवस के भीतर शपथ पत्र सहित अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्देशित किया कि विद्यालय वाहन निर्धारित संख्या से अधिक छात्रों का परिवहन न करें, चालकों का चरित्र सत्यापन एवं मेडिकल परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए, प्रत्येक वाहन में महिला कार्मिक की तैनाती हो तथा केवल फिटनेस प्राप्त और पंजीकृत वाहनों का ही प्रयोग किया जाए। साथ ही, वाहनों की जानकारी निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराने, संबंधित रजिस्टर संधारित करने तथा निरीक्षण हेतु प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए। सभी वाहन चालकों के नाम, पते और मोबाइल नंबर भी विद्यालयों से मांगे गए। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने उपस्थित विद्यालय संचालकों को उत्तर प्रदेश मोटर यान (26वां संशोधन) नियमावली 2019 की प्रति प्रदान करते हुए इसके प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने ठंड के मौसम से पूर्व सभी वाहनों में रिफ्लेक्टर प्लेट लगाने, चालकों का चरित्र सत्यापन पूर्ण कराने तथा अपंजीकृत वाहनों के प्रयोग से बचने की अपील की। यात्री सुरक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ साझा कीं। बैठक के दौरान विद्यालय प्रबन्धकों ने विभिन्न प्रश्न उठाए जिनका समाधान मौके पर किया गया। साथ ही, विद्यालय संचालकों ने वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाए जाने की मांग की।
